पद्म सम्मान अब योग्यजनों को, पहले परिवारों में बंटते थे : माथुर

Lilesh Suyal
Lilesh Suyal  - Owner
4 Min Read

गांव की आवाज न्यूज नेटवर्क । सिक्किम के राज्यपाल ओमप्रकाश माथुर ने कहा कि समाज की निस्वार्थ सेवा का कोई मोल नहीं। सेवा के क्षेत्र में कई बाधाएं आती हैं, लेकिन जो संकल्प और इच्छाशक्ति से समाज की सेवा करता है, वही नए प्रतिमान स्थापित करता है। पद्मश्री मूलचंद लोढ़ा इसका उदाहरण हैं। उन्होंने वनवासी अंचल में जागरण जनसेवा मंडल के रूप में सेवा धाम स्थापित किया, जहां शिक्षा, स्वास्थ्य और संस्कार की त्रिवेणी प्रवाहित हो रही है।

राज्यपाल माथुर रविवार को वागदरी गांव में जागरण जनसेवा मंडल द्वारा संचालित आचार्य महाप्रज्ञ नेत्र चिकित्सालय के विस्तारित भवन के लोकार्पण समारोह में मुख्य अतिथि थे। यह भवन बांसवाड़ा-डूंगरपुर के तत्कालीन सांसद कनकमल कटारा के सांसद मद से 28 लाख रुपए की लागत से बना है। समारोह की अध्यक्षता कनकमल कटारा ने की। राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत, पद्मश्री मूलचंद लोढ़ा, सागवाड़ा विधायक शंकरलाल डेचा, गुरु राजेश्वरानंद, पूर्व विधायक धर्म नारायण जोशी, पूर्व सभापति के के गुप्ता और जागरण जनसेवा मंडल के अध्यक्ष डॉ. दलजीत यादव मंचासीन रहे।

राज्यपाल माथुर ने कहा कि सेवा का सम्मान करना समाज का नैतिक दायित्व है। 2014 से पहले पद्म सम्मान परिवारों और बड़े लोगों में बंटते थे, लेकिन पिछले दस वर्षों से यह दूरदराज के क्षेत्रों में सेवा करने वाले कर्मयोगियों को मिल रहे हैं। मूलचंद लोढ़ा को पद्मश्री मिलना इसका प्रमाण है। उन्होंने कहा कि समाज में टूटन रोकने के लिए उसे एकसूत्र में बांधना जरूरी है। निष्काम सेवा प्रकल्पों से यह संभव है। सिक्किम का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वहां के लोगों ने संकल्प लेकर इसे ऑर्गेनिक प्रदेश बना दिया। डूंगरपुर भी पहाड़ी क्षेत्र है, यहां ऑर्गेनिक खेती की अपार संभावनाएं हैं। सिक्किम पैटर्न से यह क्षेत्र भी लाभान्वित हो सकता है।

पूर्व सांसद कनकमल कटारा ने मूलचंद लोढ़ा को सेवा मनीषी बताया। राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया ने कहा कि लोढ़ा ने अपना पूरा जीवन वनवासी क्षेत्र की सेवा में समर्पित कर दिया। भारत सरकार ने पद्मश्री देकर उनके सेवा प्रकल्पों का सम्मान किया है। उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत ने कहा कि वागदरी का यह सेवाधाम सेवा संस्कारों का केंद्र है। वनवासी अंचल में सेवा प्रकल्पों को आगे बढ़ाने के लिए समाज के प्रबुद्धजनों को आगे आना चाहिए।

गुरु राजेश्वरानंद ने जागरण जनसेवा मंडल के सेवा प्रकल्पों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मूलचंद लोढ़ा ने अकेले इस वनवासी अंचल में सेवा का संकल्प लिया और समाज के सहयोग से इसे वटवृक्ष बना दिया। नगर परिषद के पूर्व सभापति के के गुप्ता ने स्वागत उद्बोधन दिया। कार्यक्रम का संचालन यशवंत पंड्या ने किया और अध्यक्ष डॉ. दलजीत यादव ने आभार जताया।

सेवा यज्ञ में भामाशाहों का योगदान

जागरण जनसेवा मंडल के सेवा प्रकल्पों के विस्तार के लिए भामाशाहों ने दिल खोलकर योगदान दिया। राज्यपाल ओमप्रकाश माथुर ने 11 लाख रुपए का बैंक ड्राफ्ट मूलचंद लोढ़ा को सौंपा। उन्होंने कुल 20 लाख रुपए देने की घोषणा की। राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया ने सांसद मद से 20 लाख और उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत ने 15 लाख रुपए देने की घोषणा की।

Share this Article
By Lilesh Suyal Owner
Follow:
मेरा नाम Lilesh Suyal है। मैं एक e-Mitra संचालक और न्यूज़ रिपोर्टर हूँ। समाज की सच्ची और निष्पक्ष खबरें लोगों तक पहुँचाना मेरा उद्देश्य है। मैं लंबे समय से ग्रामीण व शहरी समस्याओं, सरकारी योजनाओं, रोजगार, शिक्षा और समाज से जुड़े मुद्दों पर काम कर रहा हूँ। मेरी कोशिश हमेशा यही रहती है कि आम जनता की आवाज़ जिम्मेदारी से सामने लाई जाए और सही जानकारी सही समय पर लोगों तक पहुँचे। मेरे काम के दो मुख्य क्षेत्र हैं: e-Mitra Services – जहाँ मैं आम जनता को सरकारी सेवाएँ और डिजिटल सुविधाएँ उपलब्ध करवाता हूँ। News Reporting – जहाँ मैं ज़मीनी स्तर पर जाकर लोगों की समस्याएँ, मुद्दे और घटनाएँ रिपोर्ट करता हूँ ताकि उन्हें उचित मंच मिले। Ganv Ki Aavaj न्यूज़ वेबसाइट के माध्यम से मेरा मकसद है कि गाँव-गाँव की आवाज़ हर पाठक तक पहुँचे और कोई भी खबर अनसुनी न रहे।
Leave a comment