गांव की आवाज न्यूज मावली। माहेश्वरी समाज द्वारा पलाना-खुर्द गांव में आयोजित तीन दिवसीय जलझूलनी एकादशी महोत्सव के पहले दिन मंगलवार को ठाकुर जी का नगर भ्रमण हुआ वही दूसरे दिन बुधवार को प्रातः 10:30 बजे भगवान चारभुजा नाथ की भव्य शोभायात्रा पूरे गांव में निकाली गई। पारंपरिक वेशभूषा में सजे श्रद्धालुओं और रंग-बिरंगे रेवाण में विराजमान ठाकुरजी के साथ निकली इस शोभायात्रा ने पूरे गांव को भक्तिमय वातावरण में रंग दिया।
शोभायात्रा की शुरुआत मंदिर प्रांगण से हुई, जहां मंत्रोच्चार और मंगल ध्वनि के साथ ठाकुरजी को रेवाण में विराजमान किया गया। सैकड़ों की संख्या में महिलाएं, पुरुष, युवा, बालक-बालिकाएं शोभायात्रा में शामिल हुए। डीजे पर गूंजते भजनों, ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ यात्रा ने हर गली और चौक में उत्साह का संचार कर दिया।
रास्ते में श्रद्धालुओं ने घर-घर गुलाल और फूल बरसाकर ठाकुरजी का स्वागत किया। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में थाल सजाकर मंगलगीत गाती हुई स्वागत करती नजर आईं।

ग्रामीणों के अनुसार इस बार की शोभायात्रा पहले से भी अधिक भव्य और आकर्षक रही। विशेष बात यह रही कि प्रवासी बहन-बेटियों और युवाओं की बड़ी संख्या में भागीदारी ने आयोजन को और भी यादगार बना दिया।
यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए घासा पुलिस मुस्तैद रही। बीट अधिकारी माधव सिंह सहित पुलिस टीम पूरे मार्ग पर तैनात रही, जिससे शोभायात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से सम्पन्न हुई।

शाम को फराल प्रसादी का आयोजन और रात्रि में रंगारंग रास-गरबा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें आसपास के गांवों से भी श्रद्धालुओं के शामिल हुए है।
शोभायात्रा के बाद रंगारंग रास-गरबा ने मोहा मन

गांव में आज धार्मिक उत्साह और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर माहौल देखने को मिला। चारभुजा नाथ के भव्य शोभायात्रा के आयोजन के बाद, रात्रि में एक शानदार रास-गरबा कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय नागरिकों ने भारी उत्साह के साथ भाग लिया।
रंग-बिरंगे परिधानों में सजे युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने पारंपरिक गुजराती संगीत की ताल पर रास-गरबा करते हुए माहौल को आनंदमयी बना दिया। आयोजन स्थल को आकर्षक रोशनी और सजावट से सजाया गया था, जिसने समूचे वातावरण को जीवंत कर दिया।

