उदयपुर। माता-पिता के साथ सो रहे बच्चे को लेपर्ड ने दबोच लिया। मुंह से पकड़कर घसीटते हुए ले जाने लगा। बच्चा चीखा तो परिजन जाग गए। शोर सुनते ही लेपर्ड बच्चे को छोड़कर झाड़ियों में भाग गया।
घटना झाड़ोल क्षेत्र के नयनबारा जंगल के आंबाफला में सुबह 4 बजे हुई। घायल बच्चे का इलाज झाड़ोल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
बच्चे के पिता ईश्वर ने बताया कि सभी लोग आंगन में सो रहे थे। बेटा नरेंद्र भी पास में ही था। इसी दौरान लेपर्ड दबे पांव घर में घुसा और नरेंद्र पर हमला कर दिया। उसे मुंह से पकड़कर ले जाने लगा। नरेंद्र के चीखते ही परिवार जाग गया। शोर मचते ही लेपर्ड बच्चे को छोड़कर भाग गया। नरेंद्र के कान, गाल और आंख के पास चोट आई है।
वन विभाग के क्षेत्रीय वन अधिकारी फौरीलाल सैनी ने बताया कि सूचना मिलते ही स्टाफ को भेजा गया। जांच की जा रही है कि हमला लेपर्ड ने किया या कोई अन्य जंगली जानवर था। पगमार्क की तलाश जारी है। पुष्टि होने पर इलाके में पिंजरा लगाया जाएगा।
यह इलाका जंगल से घिरा है और आबादी छितरी हुई है। बच्चे की आंखों में सूजन है। परिजनों को उदयपुर के एमबी अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई, लेकिन वे झाड़ोल में ही इलाज कराने पर अड़े रहे।