गांव की आवाज न्यूज उदयपुर। सायरा पंचायत समिति में उप प्रधान पद पर भाजपा ने कब्जा जमा लिया। सोमवार को हुए चुनाव में भाजपा के सोहन सिंह कुम्भावत को 9 वोट मिले। कांग्रेस के विक्रम सिंह को 6 वोट ही मिले। इससे पहले उप प्रधान पद कांग्रेस के पास था।
भाजपा की जीत पर कार्यकर्ताओं ने विधायक प्रताप लाल गमेती और भाजपा देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली को मालाओं से लाद दिया। जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पंचायती राज चुनाव में हर बूथ और हर पंचायत से भाजपा को जिताने के लिए अभी से जुट जाएं।
वार्ड संख्या 13 के पंचायत समिति सदस्य भारत सिंह बारहठ का सड़क हादसे में निधन हो गया था। वे ही उप प्रधान थे। उनके निधन से वार्ड रिक्त हो गया था। हाल ही में हुए उप चुनाव में कांग्रेस के विक्रम सिंह बारहठ ने भाजपा के बालू सिंह को हराया था। आज उप प्रधान के लिए चुनाव हुआ, जिसमें भाजपा ने जीत दर्ज की।