पैसिफिक विवि में प्रबोधक संघ का दो दिवसीय सम्मेलन शुरू, पुरानी सेवा गणना की गूंज
गांव की आवाज न्यूज मावली । अखिल राजस्थान प्रबोधक संघ का दो दिवसीय प्रांतीय/जिला शैक्षिक सम्मेलन शुक्रवार को पैसिफिक विश्वविद्यालय के होटल मैनेजमेंट सभागार में शुरू हुआ। उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि पैसिफिक विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. हेमंत कोठारी थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रबोधक संघ के जिलाध्यक्ष दिलीप सिंह कच्छेर ने की।
सम्मेलन में प्रबोधकों की प्रमुख मांग ‘पुरानी सेवा गणना’ का मुद्दा छाया रहा। मुख्य अतिथियों के समक्ष इस मांग को प्रमुखता से रखते हुए जिलाध्यक्ष दिलीप सिंह कच्छेर ने कहा कि प्रबोधक सुदूर और दुर्गम इलाकों में समर्पित भाव से सेवाएं दे रहे हैं। यदि राज्य सरकार पुरानी सेवा गणना सहित लंबित मांगों पर ध्यान नहीं देती है, तो प्रबोधक संघ आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी (सीडीईओ) वीरेंद्र सिंह यादव ने विद्यालयों में शिक्षण गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शिक्षा देने पर बल दिया। इस दौरान शिक्षाविद डॉ. जसवंत आमेटा एवं अक्षय राज तिवारी ने शिक्षा व शिक्षकों की भूमिका पर विचार रखे।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
समारोह में विशिष्ट अतिथि उप जिला शिक्षा अधिकारी लक्ष्मण दास वैष्णव, मंत्रालयिक कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष अरविंद सिंह राव और शारीरिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष गोवर्धन सिंह झाला मौजूद रहे। साथ ही प्रदेश सभा अध्यक्ष बंसीलाल रेबारी, संभाग अध्यक्ष गुलाब सिंह सिसोदिया, कोषाध्यक्ष पंकज तिवारी, संगठन मंत्री ओमप्रकाश प्रजापत, अंजना जैन तथा संरक्षक सुखलाल डांगी सहित जिले भर के प्रबोधक उपस्थित थे।

