मावली नगरपालिका चुनाव: जांच में 36 नामांकन खारिज, 71 प्रत्याशी मैदान में
गांव की आवाज न्यूज़ मावली। नगरपालिका मावली के आगामी चुनावों को लेकर नामांकन पत्रों की जांच (संवीक्षा) का कार्य मंगलवार को रिटर्निंग अधिकारी (उपखंड अधिकारी) रमेश सीरवी पुनाड़िया द्वारा पूरा किया गया।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 31 अगस्त 2026 तक कुल 108 नामांकन फॉर्म प्राप्त हुए थे, जिनमें से संवीक्षा के बाद 36 फॉर्म अस्वीकार (निरस्त) कर दिए गए। निरस्त हुए फॉर्मों में 35 आवेदन मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों द्वारा आवश्यक फॉर्म ‘क’ और ‘ख’ जमा नहीं कराने के कारण खारिज किए गए। वहीं, वार्ड नंबर 14 से अभ्यर्थी शंकर लाल का फॉर्म उम्र 21 वर्ष पूरी न होने के कारण निरस्त किया गया।
नामांकन प्रक्रिया के मुख्य बिंदु:
स्वीकृत आवेदन: कुल 71 अभ्यर्थियों के 72 आवेदन सही पाए जाकर स्वीकार किए गए।
चुनावी मैदान: नगरपालिका के कुल 20 वार्डों में अब 71 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
वार्डवार स्थिति: सबसे अधिक 7 प्रत्याशी वार्ड नंबर 16 में हैं। इसके विपरीत वार्ड नंबर 4, 8, 9 और 18 में सबसे कम 2-2 प्रत्याशी मैदान में हैं।
नाम वापसी: वार्ड नंबर 7 से अभ्यर्थी मंगल सिंह चुंडावत ने संवीक्षा के बाद अपना नामांकन वापस ले लिया है।
यह खबर भी पढ़े….

