गांव की आवाज न्यूज मावली । खटीक समाज विकास एवं कल्याण समिति उदयपुर (ग्रामीण) की प्रथम वार्षिक अधिवेशन बैठक जोगणिया माता मंदिर प्रांगण, पावर हाउस देबारी में आयोजित की गई। अधिवेशन में उदयपुर संभाग के विभिन्न खटीक समाज संगठनों के पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संभागीय अध्यक्ष शांतिलाल मातृकुंडिया रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि राधेश्याम वकील (चितौड़गढ़) रहे। बैठक में पिंटू सगेसरा, शंकरलाल चौहान (गोगुंदा), ओमप्रकाश (वल्लभनगर), गोपालजी, नरेंद्र चंदेल (सलूंबर) सहित अनेक गणमान्य समाजसेवी उपस्थित रहे।
बैठक में समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करने, शिक्षा को बढ़ावा देने तथा बच्चों को सूचना एवं प्रौद्योगिकी क्षेत्र (आईटी सेक्टर) में प्रेरित करने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर समिति द्वारा कक्षा 5वीं व 8वीं में ए-ग्रेड प्राप्त करने वाले तथा 10वीं व 12वीं बोर्ड में 80 प्रतिशत या अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को उपरना व मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। समिति ने समाज हित में वर्षभर किए गए कार्यों का भी विवरण प्रस्तुत किया।
बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि गांवों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देने के लिए वहां के सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारियों को नियुक्त करने हेतु सुझाव लेकर आगे कार्य किया जाएगा।
समिति अध्यक्ष भेरूलाल तंवर, उपाध्यक्ष हरलाल खींची, महामंत्री डालचंद दायमा, कोषाध्यक्ष मदनलाल दायमा, महासचिव दुर्गेश तंवर सहित मंत्री मंडल व सदस्यों द्वारा आगंतुक समाजजनों का उपरना व पगड़ी पहनाकर सम्मान किया गया। साथ ही संरक्षक मंडल एवं युवा मंडल के सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में भोजन व्यवस्था पप्पूलाल खींची (नारामंगरा) द्वारा की गई तथा विद्यार्थियों के पारितोषिक की व्यवस्था शिवलाल खींची (खेमली) द्वारा की गई। कार्यक्रम में समाज के बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
देबारी में खटीक समाज विकास एवं कल्याण समिति का प्रथम वार्षिक अधिवेशन आयोजित

