बच्चों में संस्कारों का बीजारोपण कर अच्छे नागरिक बनाएं: सुथार

Lilesh Suyal
Lilesh Suyal  - Owner
4 Min Read

गांव की आवाज न्यूज मावली | शिक्षा का मुख्य उद्देश्य बच्चों में संस्कारों का बीजारोपण कर उन्हें अच्छे नागरिक बनाना है। संस्कारवान नागरिकों से ही देश का चारित्रिक विकास संभव है। यह बात मावली के मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार सुथार ने कही। वे शुक्रवार को डबोक के गीतांजली इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्निकल स्टडीज के सभागार में प्रधानाचार्यों की सत्रांत वाक्पीठ के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे।

सुथार ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आने वाली मुश्किलों का समाधान सामूहिक चर्चा और मंथन से किया जाना चाहिए। इससे शैक्षणिक और भौतिक स्तर सुधर सकता है। उन्होंने जिला कलेक्टर के निर्देशों का हवाला देते हुए शाला दर्पण रैंकिंग में सुधार के तीन महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी। आधार ऑथेंटिकेशन में आ रही समस्या को लेकर बताया कि कुछ स्थानों पर अतिरिक्त मशीनें लगाई गई हैं। शिक्षक बच्चों को वहां भेजकर आधार में संशोधन करवा सकते हैं।

समग्र शिक्षा उदयपुर के एडीपीसी वीरेंद्रसिंह यादव ने विभिन्न योजनाओं में आवंटित राशि के खर्च की जानकारी ली। उन्होंने योजनाओं के सही क्रियान्वयन पर जोर दिया। पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों से कहा कि वे अपने अधीनस्थ विद्यालयों में हर माह संबलन के लिए जाएं। रिकॉर्ड की जांच करें और उसके व्यवस्थित संधारण के लिए शिक्षकों को पाबंद करें। यह भी सुनिश्चित करें कि समग्र शिक्षा से दी गई शिक्षण सामग्री का सही उपयोग हो रहा है या नहीं। योजनाओं की समय पर क्रियान्विति के लिए यादव ने टिप्स भी दिए।

बड़ी उंदरी के प्रधानाचार्य संजय लुणावत ने ‘विद्यालय नेतृत्व: समस्याएं एवं समाधान’ विषय पर महत्वपूर्ण वार्ता दी। गिट्स डबोक के डॉ. एस.के. प्रसन्ना ने शिक्षा के विभिन्न आयामों पर विचार रखे। डॉ. राजेश भटनागर ने स्वस्थ जीवन के टिप्स दिए और मेडिटेशन का अभ्यास करवाया। उन्होंने प्लास्टिक के कम से कम उपयोग के लिए बच्चों को प्रेरित करने की बात कही। प्रार्थना सभा में योग अभ्यास करवाकर बच्चों की आंतरिक शक्तियों को विकसित करने पर जोर दिया।

पंकज जोशी ने बच्चों की आधार आईडी को लेकर प्रधानाचार्यों से चर्चा की। उन्होंने इस कार्य में आ रही समस्याओं का समाधान करते हुए इसे शत-प्रतिशत पूरा करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुआ। छगनलाल मेनारिया ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। अध्यक्षता वाक्पीठ अध्यक्ष उमेश कुमार माहेश्वरी ने की। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी प्रकाशचंद्र चौधरी, आशा सोनी, हिंदुस्तान स्काउट गाइड के संभाग आयुक्त गोपाल मेहता मेनारिया, राजस्थान अंबेडकर शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष खेमराज कड़ेला, राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय के जिला मंत्री डॉ. राकेश मेनारिया, राजस्थान शिक्षक संघ अंबेडकर के प्रदेश संरक्षक सुरेश कुमार देशबंधु सहित कई अतिथि मंचासीन रहे।

वाक्पीठ सचिव प्रदीपसिंह नेगी ने स्वागत उद्बोधन दिया। वाक्पीठ कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने अतिथियों का तिलक, उपरणा और शॉल से स्वागत किया। इस अवसर पर सिंधु के प्रतिभावान बालक हर्ष सुथार को सम्मानित किया गया। संचालन मोहनलाल स्वर्णकार ने किया।

कार्यक्रम में गिट्स डबोक के दीपक पालीवाल, डॉ. मयंक पटेल, बी.एल. जांगिड़ सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे। नाहरमगरा बालिका विद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। वाक्पीठ का समापन शनिवार को होगा।

Share this Article
By Lilesh Suyal Owner
Follow:
मेरा नाम Lilesh Suyal है। मैं एक e-Mitra संचालक और न्यूज़ रिपोर्टर हूँ। समाज की सच्ची और निष्पक्ष खबरें लोगों तक पहुँचाना मेरा उद्देश्य है। मैं लंबे समय से ग्रामीण व शहरी समस्याओं, सरकारी योजनाओं, रोजगार, शिक्षा और समाज से जुड़े मुद्दों पर काम कर रहा हूँ। मेरी कोशिश हमेशा यही रहती है कि आम जनता की आवाज़ जिम्मेदारी से सामने लाई जाए और सही जानकारी सही समय पर लोगों तक पहुँचे। मेरे काम के दो मुख्य क्षेत्र हैं: e-Mitra Services – जहाँ मैं आम जनता को सरकारी सेवाएँ और डिजिटल सुविधाएँ उपलब्ध करवाता हूँ। News Reporting – जहाँ मैं ज़मीनी स्तर पर जाकर लोगों की समस्याएँ, मुद्दे और घटनाएँ रिपोर्ट करता हूँ ताकि उन्हें उचित मंच मिले। Ganv Ki Aavaj न्यूज़ वेबसाइट के माध्यम से मेरा मकसद है कि गाँव-गाँव की आवाज़ हर पाठक तक पहुँचे और कोई भी खबर अनसुनी न रहे।
Leave a comment