रेखा गुप्ता ने शपथ के बाद यमुना आरती की, पहली कैबिनेट बैठक भी हुई

Lilesh Suyal
Lilesh Suyal  - Owner
2 Min Read

दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार शाम शपथ लेने के छह घंटे बाद यमुना घाट पर आरती की। उनके साथ छह मंत्री भी मौजूद रहे। इससे पहले सचिवालय में पहली कैबिनेट बैठक हुई, जो एक घंटे चली। बैठक में दिल्ली में आयुष्मान भारत योजना लागू करने और विधानसभा सत्र में 14 सीएजी रिपोर्ट पेश करने को मंजूरी दी गई।

दिल्ली विधानसभा चुनाव में यमुना की सफाई बड़ा मुद्दा था। भाजपा ने अपने मेनिफेस्टो में भी इसका वादा किया था। रेखा गुप्ता का यह कार्यक्रम इसी से जोड़ा जा रहा है।

इससे पहले दोपहर 12:30 बजे रेखा गुप्ता ने रामलीला मैदान में शपथ ली। वे शालीमार बाग सीट से पहली बार विधायक बनी हैं। रेखा दिल्ली की 9वीं और चौथी महिला मुख्यमंत्री हैं। उनसे पहले सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी इस पद पर रह चुकी हैं।

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह समेत भाजपा शासित 21 राज्यों के मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम मौजूद रहे। आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल और आतिशी इस समारोह में नहीं पहुंचे।

प्रवेश वर्मा समेत छह मंत्रियों ने भी शपथ ली

रेखा गुप्ता के साथ छह मंत्रियों ने भी शपथ ली। इनमें अरविंद केजरीवाल को हराने वाले प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह शामिल हैं।

रेखा बोलीं- मैं शीशमहल में नहीं रहूंगी

शपथ से पहले रेखा गुप्ता ने गुरुवार सुबह मीडिया से कहा, “यह बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। मुझ पर भरोसा जताने के लिए मैं प्रधानमंत्री मोदी और पार्टी हाईकमान की आभारी हूं। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं दिल्ली की मुख्यमंत्री बनूंगी। मैं शीशमहल में नहीं रहूंगी।”

भाजपा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास को शीशमहल नाम दिया था। इसे अरविंद केजरीवाल ने बनवाया था। भाजपा का आरोप है कि इसे बनाने में नियमों को ताक पर रखकर करोड़ों रुपए खर्च किए गए। पार्टी ने इसे चुनावी मुद्दा भी बनाया था।

Share this Article
By Lilesh Suyal Owner
Follow:
मेरा नाम Lilesh Suyal है। मैं एक e-Mitra संचालक और न्यूज़ रिपोर्टर हूँ। समाज की सच्ची और निष्पक्ष खबरें लोगों तक पहुँचाना मेरा उद्देश्य है। मैं लंबे समय से ग्रामीण व शहरी समस्याओं, सरकारी योजनाओं, रोजगार, शिक्षा और समाज से जुड़े मुद्दों पर काम कर रहा हूँ। मेरी कोशिश हमेशा यही रहती है कि आम जनता की आवाज़ जिम्मेदारी से सामने लाई जाए और सही जानकारी सही समय पर लोगों तक पहुँचे। मेरे काम के दो मुख्य क्षेत्र हैं: e-Mitra Services – जहाँ मैं आम जनता को सरकारी सेवाएँ और डिजिटल सुविधाएँ उपलब्ध करवाता हूँ। News Reporting – जहाँ मैं ज़मीनी स्तर पर जाकर लोगों की समस्याएँ, मुद्दे और घटनाएँ रिपोर्ट करता हूँ ताकि उन्हें उचित मंच मिले। Ganv Ki Aavaj न्यूज़ वेबसाइट के माध्यम से मेरा मकसद है कि गाँव-गाँव की आवाज़ हर पाठक तक पहुँचे और कोई भी खबर अनसुनी न रहे।
Leave a comment