गांव की आवाज न्यूज मावली । मावली उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत धोलीमंगरी स्थित प्रसिद्ध खोडिया जी बावजी मंदिर में आयोजित दो दिवसीय धार्मिक आयोजन धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। आयोजन के दौरान मंदिर परिसर बावजी के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
आयोजन के तहत सोमवार रात्रि को मंदिर परिसर में विशाल भजन संध्या एवं रात्रि जागरण का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रसिद्ध भजन गायक महेंद्र सिंह भाटी, किशन गाडरी एवं लविश सुथार ने एक से बढ़कर एक भक्तिमय भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजनों की मधुर धुनों पर देर रात तक श्रद्धालु भक्ति भाव में झूमते नजर आए।
वहीं मंगलवार को मंदिर परंपरा के अनुसार वार्षिक ध्वजा परिवर्तन कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस वर्ष ध्वजा चढ़ाने का सौभाग्य भगवान लाल डांगी (पुत्र स्व. रोड़ा डांगी) को प्राप्त हुआ। उन्होंने 5 लाख 61 हजार रुपए की उच्चतम बोली लगाकर ध्वजा परिवर्तन का लाभ लिया।
ध्वजा परिवर्तन के दौरान उपस्थित जनसमूह ने बावजी के जयकारे लगाकर माहौल को पूर्ण रूप से धर्ममय बना दिया। आयोजन के समापन पर विशाल महाप्रसादी (भंडारे) का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने प्रसादी ग्रहण की।
इस अवसर पर मंदिर कमेटी के सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं आसपास के गांवों से आए सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
धोलीमंगरी: खोडिया जी बावजी मंदिर में दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान संपन्नभजन संध्या में झूमे श्रद्धालु, 5.61 लाख की बोली के साथ चढ़ाई गई ध्वजा

