गांव की आवाज न्यूज उदयपुर। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में उदयपुर की हाथीपोल थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंचवटी स्थित एक पान के केबिन से करीब 5 लाख रुपये के माल की चोरी का सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में 3 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से वारदात में प्रयुक्त एक पावर बाइक भी जब्त की है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने शहर के अलग-अलग इलाकों में चोरी की कुल 09 वारदातें करना स्वीकार किया है।
क्या था मामला?
प्रार्थी करण सिंह (निवासी बड़ी) ने हाथीपोल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि पंचवटी में उनका एक पान का केबिन है, जहां वे विभिन्न ब्रांड की सिगरेट, गुटका और तंबाकू बेचते हैं। दिनांक 09.04.2026 की रात करीब 10 बजे वे केबिन बंद कर घर गए थे। अगली सुबह जब वे लौटे, तो केबिन के ताले कटे हुए थे। केबिन के अंदर रखे विभिन्न ब्रांड के सिगरेट के पैकेट, 2 सिग्नेचर कार्टून, विमल व तानसेन के कट्टे, 18 रजनी बॉक्स, बीड़ियां और करीब 4-5 हजार रुपये नकद गायब थे। केबिन से कुल मिलाकर करीब ₹5 लाख के माल की चोरी हुई थी।
पुलिस की कार्रवाई और ऐसे धरे गए आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) उमेश ओझा और वृत्ताधिकारी (पश्चिम) राजेश यादव के सुपरविजन में हाथीपोल थानाधिकारी राजूदेवी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों और मुखबिर तंत्र की मदद से रात के समय पावर बाइक पर घूमने वाले संदिग्ध लड़कों पर निगरानी रखनी शुरू की। जांच में सामने आया कि 100 फीट स्वागत वाटिका रोड पर स्थित एक रेस्टोरेंट में काम करने वाले कुछ लड़कों की गतिविधियां संदिग्ध हैं और वे रात में पावर बाइक लेकर शहर में घूमते हैं। इस सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर रेस्टोरेंट में काम करने वाले तीन युवकों को डिटेन किया, जिन्होंने पूछताछ में चोरी की उक्त वारदात को अंजाम देना कुबूल कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
भैरूलाल मीणा (उम्र 21 वर्ष) पुत्र प्रदीप मीणा, निवासी- पलोदड़ा, जिला- सलूंबर।
प्रकाश मीणा (उम्र 23 वर्ष) पिता सोमा मीणा, निवासी- पलोदड़ा, जिला- सलूंबर।
अनिल खराड़ी (उम्र 22 वर्ष) पिता मन्नालाल मीणा, निवासी- लराठी, जिला- उदयपुर।
केबिनों को बनाते थे निशाना, कबूलीं ये 09 वारदातें:
आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उदयपुर शहर में पिछले एक साल में चोरी की 09 वारदातें करना स्वीकार किया है, जिनमें अधिकांश पान के केबिन और चाय के ठेले शामिल हैं:
जून-जुलाई 2025: माली कॉलोनी स्थित एक केबिन से सिगरेट व विमल के पैकेट चोरी किए।
अगस्त-सितंबर 2025: रेती स्टैंड (परशुराम चौराहा) के पास पान के केबिन का ताला तोड़कर सिगरेट व गुटके उड़ाए।
दीपावली 2025 के आसपास: सबसिटी सेंटर (परशुराम चौराहा) स्थित वाइन शॉप के पास एक चाय के ठेले से सिगरेट व गुटके की चोरी की।
दिसंबर 2025: हाड़ीरानी चौराहा (सवीना सब्जी मंडी) के पास चाय-सिगरेट के केबिन से माल पार किया।
जनवरी 2026: सवीना लेबर चौराहे के आगे खेड़ा सर्कल के पास स्थित पान के केबिन का ताला तोड़ा।
जनवरी-फरवरी 2026: परशुराम चौराहे के पास बैंक ऑफ बड़ौदा के समीप स्थित पान के केबिन में चोरी की।
पंचवटी लोक कला मंडल चौराहा: यहाँ भी एक पान के केबिन के ताले तोड़कर भारी मात्रा में सिगरेट, विमल, तानसेन, सिग्नेचर, रजनीगंधा गुटका, लाइटर और मिराज के पैकेट चुराए।
मार्च/अप्रैल 2026 (करीब डेढ़ महीना पहले): शोभागपुरा थाना सुखेर क्षेत्र में एक पान के केबिन को निशाना बनाया।
अप्रैल 2026 (करीब एक महीना पहले): मधुबन स्थित एक पान के केबिन के ताले तोड़कर सिगरेट और गुटके के पैकेट चोरी किए।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल:
इस शानदार खुलासे को अंजाम देने वाली टीम में हाथीपोल थाने के सउनि शंभुसिंह, सउनि जितेन्द्र सिंह, सउनि मनोज कुमार और कांस्टेबल शैलेष कुमार, कैलाश रेबारी, भवानी शंकर तथा साइबर सेल उदयपुर के कांस्टेबल लोकेश रायकवाल शामिल रहे।

