गांव की आवाज न्यूज उदयपुर। डॉ. अंबेडकर वेलफेयर सोसाइटी, झालाना डूंगरी जयपुर में राजस्थान वाल्मीकि शिक्षक एवं शिक्षा वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में राज्य स्तरीय शिक्षक स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए शिक्षकों, शिक्षाविदों एवं समाज के प्रबुद्धजनों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर, भगवान गौतम बुद्ध, महर्षि वाल्मीकि एवं ऋषि नवल महाराज की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। समारोह के प्रथम सत्र में पंजीयन, द्वितीय सत्र में परिचय तथा तृतीय सत्र में वक्ताओं द्वारा शिक्षा, संगठन एवं सामाजिक उत्थान विषयों पर विचार व्यक्त किए गए।
खुले सत्र में समाज में व्याप्त कुरीतियों, अशिक्षा, नशामुक्ति, शिक्षा में नवाचार एवं युवाओं के भविष्य को लेकर विस्तृत मंथन किया गया। प्रदेश संयोजक सुरेशकुमार देशबंधु ने बताया कि “शिक्षा संकल्प–एक ही विकल्प” के मूल मंत्र के साथ समाज में शैक्षणिक जागरूकता बढ़ाने, रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा प्रतिभावान एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने का संकल्प लिया गया।
समारोह में सर्वसम्मति से राजस्थान वाल्मीकि शिक्षक एवं शिक्षा वेलफेयर सोसाइटी की नई प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें निर्मल देसाई (चित्तौड़गढ़) को सभाध्यक्ष, घनश्याम खींची (जोधपुर) को अध्यक्ष, राजेश बिवाल (सीकर) को कार्यकारी अध्यक्ष, सुरेश नकवाल को उपाध्यक्ष, सुरेशकुमार देशबंधु को प्रदेश संयोजक, किशनलाल खरालिया को उपसभाध्यक्ष, राजेश पारोचिया (टोंक) को सचिव तथा विनोद चंदेलिया (कुचामन-डीडवाना) को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
संरक्षक मंडल में आनंदमल चौहान, माणकचंद, प्रेमप्रकाश सिसोदिया, जगदीश जावा एवं रमेश बोयत को शामिल किया गया। वहीं वल्लभ लखेश्री को विधि सलाहकार, संजीव बारासा को संगठन मंत्री, पीराराम को सह संगठन मंत्री, प्रवीण भाटी को सह कोषाध्यक्ष, शिवचरण सनगत को सह सचिव, पृथ्वीराज तेजी को संयुक्त मंत्री, संजू सनगत को महिला मंत्री, रामावतार जाजोट एवं मुकेश जावा को मीडिया प्रभारी, अनिल घुसर को प्रचार मंत्री, बीरबल घारू को प्रवक्ता, डॉ. कमलेश सारसर को उच्च शिक्षा प्रतिनिधि, रामफल को माध्यमिक शिक्षा प्रतिनिधि तथा मदनलाल गूंद को शारीरिक शिक्षा प्रतिनिधि बनाया गया।
संगठन विस्तार के तहत अरविंद कुमार लोहरा को बीकानेर संभाग, नरेंद्र कुमार लोट को उदयपुर संभाग, रामकरण बारासा को अजमेर संभाग, नीरज महाराजा को कोटा संभाग तथा कानाराम कंडारे को जोधपुर संभाग का संभागाध्यक्ष नियुक्त किया गया।

बैठक में समाज के शैक्षणिक, सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए शिक्षा, रोजगार, छात्रवृत्ति, करियर मार्गदर्शन एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। वक्ताओं ने समाज की एकता और शिक्षा के प्रसार को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया।
समारोह में राजेश कुमार टॉक, सहायक सचिव विधानसभा जयपुर ने पर्यवेक्षक तथा आनंदमल चौहान, पूर्व प्रधानाचार्य बीकानेर ने नियुक्त अधिकारी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन सुरेश कुमार सरवटे एवं विनोद कुमार डीडवाना ने किया।
समारोह का समापन समाज की एकता, शिक्षा के प्रसार और भावी पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के संकल्प के साथ हुआ।

