गांव की आवाज न्यूज मावली । गणेश चतुर्थी के पावन पर्व पर घासा गांव में गणेशोत्सव की धूम मची हुई है। घर-घर और विभिन्न पूजा पंडालों में विधि-विधान से भगवान श्रीगणेश की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान, महाआरती और भक्ति संध्या के आयोजन से पूरा गांव भक्तिमय नजर आ रहा है।
गांव के कुम्हारवाड़ा, हनुमान चौक, ब्रह्मपुरी, नोल्यो का चोरा तथा चामुंडा माता मंदिर परिसर स्थित गणेश पंडालों में विशेष सजावट की गई है। गणेश मित्र मंडलों के तत्वावधान में शाम को पूजा-अर्चना के बाद महाआरती की जा रही है। इसके बाद आयोजित भक्ति संध्या में स्थानीय गायकों और भजन मंडलियों द्वारा भजनों की प्रस्तुतियां दी जा रही हैं।
‘जय गणेश, जय गणेश देवा’ और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से वातावरण गूंजायमान हो रहा है। भक्ति संध्या में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और बच्चे शामिल होकर भजनों पर झूमते नजर आ रहे हैं।
कार्यक्रम के समापन पर महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को मोदक और चूरमे का महाप्रसाद वितरित किया जा रहा है। गणेश मित्र मंडलों के कार्यकर्ता पंडालों की व्यवस्था, प्रकाश सज्जा और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं। गणेशोत्सव को लेकर पूरे घासा क्षेत्र में श्रद्धा, उत्साह और उल्लास का माहौल बना हुआ है।


