लगातार हो रही वारदातों से दहशत, अज्ञात बदमाशों के खिलाफ घासा थाने में रिपोर्ट दर्ज
गांव की आवाज न्यूज मावली। घासा थाना क्षेत्र के नूरडा गांव में इन दिनों अज्ञात चोरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। लगातार कुओं और ट्यूबवेल से बिजली की केबल तथा कृषि उपकरण चोरी होने की घटनाओं से किसान परेशान हैं। पीड़ित किसानों ने घासा थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
नूरडा निवासी प्रकाश मेघवाल पुत्र उदयलाल ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 13 जुलाई की रात अज्ञात चोर उनके ट्यूबवेल की मोटर से बिजली की केबल काटकर ले गए। इससे एक दिन पहले 12 जुलाई को भी उनके दूसरे कुएं से मोटर की केबल चोरी हो गई थी। लगातार दो दिनों में हुई चोरी की घटनाओं से वे आर्थिक नुकसान और असुरक्षा की भावना से जूझ रहे हैं।
वहीं दूसरे मामले में नाथूलाल गायरी पुत्र नवला ने बताया कि उनके कुएं की देखरेख करने वाला रामलाल पारिवारिक कार्यक्रम के कारण 13 जुलाई की रात कुएं पर मौजूद नहीं था। इसका फायदा उठाकर बदमाशों ने कुएं पर बने मकान की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखी कुदाली, फावड़ा, खेती के अन्य औजार, खाने के बर्तन तथा करीब 250 फीट बिजली की केबल चोरी कर ले गए।
नाथूलाल ने यह भी बताया कि इससे पहले 25 जून को भी उनके दूसरे कुएं से करीब 350 फीट बिजली की केबल चोरी हो चुकी है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के किसानों में रोष व्याप्त है।
पीड़ित किसानों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए गश्त बढ़ाई जाए, अज्ञात चोरों की जल्द गिरफ्तारी कर चोरी गया सामान बरामद किया जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके।

