बिकरनी विद्यालय में संगीत, कला और 22 भाषाओं का मिला ज्ञान
गांव की आवाज मावली। पीईईओ विजनवास के अधीनस्थ राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बिकरनी में 22 जून से आयोजित भारतीय भाषा समर कैंप के तहत बुधवार को तृतीय दिवस पर विद्यार्थियों के लिए विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कैंप में बच्चों को संगीत, कला, नृत्य, पेंटिंग तथा भारत की 22 भाषाओं की जानकारी दी गई। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कर विद्यार्थियों की प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया गया।
विशेष आकर्षण के रूप में स्मार्ट टीवी के माध्यम से सभी छात्र-छात्राओं को चित्तौड़गढ़ दुर्ग का वर्चुअल टूर कराया गया। इस दौरान किले के इतिहास, स्थापत्य कला और उससे जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां बच्चों को बताई गईं।
विद्यालय के अध्यापक सुखलाल डांगी ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए विभिन्न रचनात्मक एवं शैक्षणिक गतिविधियों के महत्व से अवगत कराया। समर कैंप के दौरान बच्चों में सीखने के प्रति उत्साह और रुचि देखने को मिली।
विद्यालय सहायक ओमप्रकाश मेघवाल ने बताया कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान आयोजित इस समर कैंप से विद्यार्थियों को नई जानकारियां प्राप्त हो रही हैं तथा उनका सर्वांगीण विकास हो रहा है।


