महाशिवरात्रि पर बाणेश्वर महादेव मंदिर में भक्ति का माहौल

गांव की आवाज न्यूज मावली लिलेश सुयंल | पलाना कलां में महाशिवरात्रि पर बाणेश्वर महादेव मंदिर में दिनभर धार्मिक आयोजन हुए। सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया। भक्तों ने शिवलिंग पर जल, पुष्प, बेलपत्र और पंचामृत अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। बालिकाओं ने भक्ति गीत गाए, जिससे माहौल भक्तिमय हो गया।

दोपहर तीन बजे मंदिर परिसर में हवन शुरू हुआ। पंडित गणपत सुखवाल के वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच जोड़ों ने आहुतियां दीं। इसके बाद आरती हुई। भक्तों के जयकारों से मंदिर गूंज उठा। फिर सभी खेडा जी बावजी मंदिर पहुंचे, जहां से हर साल की तरह इस बार भी बर्फीले महादेव की शोभायात्रा निकाली गई। यह गांव की गलियों से होती हुई बाणेश्वर मंदिर पहुंची। शोभायात्रा में घोड़ों की सवारी भी निकाली गई। महिला-पुरुष, बच्चे-बालिकाएं सभी ने उत्साह से भाग लिया। भक्ति गीतों पर श्रद्धालु झूमते रहे। महिलाएं मंगल गीत गाते हुए शोभायात्रा के साथ चलीं।

मंदिर पहुंचने पर बर्फीले महादेव की स्थापना कर पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद प्रसाद वितरण हुआ। रात में भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें गायक कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किए। भक्त देर रात तक भक्ति रस में डूबे रहे। देर रात महाआरती हुई। जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। गांव का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *