गांव की आवाज न्यूज मावली I मावली उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत घासा स्थित पशु चिकित्सालय परिसर में गुरुवार को लगातार हो रही बारिश के कारण बड़ा हादसा टल गया। पशुपालन विभाग की ओर से दवा सप्लाई (मेडिसिन सप्लाई) लेकर आई एक गाड़ी परिसर में बने गहरे कीचड़ (दलदल) में फंस गई।
गाड़ी फंसने से सप्लाई का कार्य घंटों तक बाधित रहा। पशु चिकित्सालय के स्टाफ ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से करीब 4 से 5 घंटे की मशक्कत के बाद ट्रैक्टर की सहायता से गाड़ी को बाहर निकाला।
ग्रामीणों और स्टाफ ने बताया कि पशु चिकित्सालय का परिसर सड़क स्तर से काफी नीचा होने के कारण हर बरसात में पानी भर जाता है, जिससे पूरा परिसर दलदल में बदल जाता है। पानी भरने से न केवल दवा सप्लाई में दिक्कतें आती हैं, बल्कि पशुपालकों और कर्मचारियों को भी भारी परेशानी उठानी पड़ती है।
कई बार बारिश का पानी भवन के अंदर तक घुस जाता है, जिससे कामकाज प्रभावित होता है।
स्थानीय ग्रामीणों और स्टाफ ने संबंधित विभाग से मांग की है कि पशु चिकित्सालय परिसर को सड़क के लेवल तक ऊंचा कर इंटरलॉकिंग या सीमेंटेड फर्श बनवाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न हो और पशुपालकों को बेहतर सेवाएं मिल सकें।
घासा पशु चिकित्सालय परिसर में फंसी दवा सप्लाई की गाड़ी, 5 घंटे की मशक्कत के बाद निकाली

