गांव की आवाज न्यूज मावली । स्थानीय क्षेत्र के सरस्वती स्कूल के पास स्थित श्री बाबा रामदेव जी मंदिर में कर शनिवार 30 मई 2026 को प्रथम पाटोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। इस विशेष अवसर पर “एक शाम बाबा रामदेव के नाम” एक भव्य भजन संध्या और विशाल महाप्रसादी (प्रीतिभोज) का आयोजन किया जा रहा है। शाम 5 बजे से शुरू होगी
महाप्रसादी, 7 बजे सजेगी भजनों की महफिल
आयोजक बाबा रामदेव विकास समिति घासा (मेघवाल समाज 60 घर) से मिली जानकारी के अनुसार, पाटोत्सव के उपलक्ष्य में शनिवार शाम 5 बजे से महाप्रसादी का दौर शुरू हो जाएगा, जो श्रद्धालुओं के आगमन तक निरंतर जारी रहेगा। इसके बाद, शाम 7 बजे से भव्य भजन संध्या का आगाज़ होगा, जिसमें भक्तगण बाबा के भजनों का आनंद ले सकेंगे।
राजस्थान के सुप्रसिद्ध कलाकार बिखेरेंगे सुरों का जादू
भजन संध्या में राजस्थान के जाने-माने और सुप्रसिद्ध गायक अपनी प्रस्तुतियां देंगे। मुख्य रूप से सुल्तान सिंह राठौड़ (नागौर), सुरेश गहलोत, अनुराधा (उदयपुर), अनिल जांगिड़ (शेखावाटी) और प्रेमशंकर सालवी अपने मधुर भजनों से समां बांधेंगे। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन सुरेश टांक और रोशन लाल टांक द्वारा किया जाएगा, जबकि कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्थाओं की देखरेख व्यवस्थापक सत्यनारायण टांक कर रहे हैं।
इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियां अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी, जिनमें मावली विधायक पुष्कर लाल डांगी, प्रधान नरेंद्र चंडालिया, सरपंच मांगीलाल मेघवाल, धोली मंगरी सरपंच तेजपाल सालवी और पूर्व प्रधान हुक्मीचंद डांगी आदि शामिल हैं।
धर्मप्रेमी जनता से पधारने की अपील
बाबा रामदेव विकास समिति के प्रबुद्ध जनों ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी भाई-बहनों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस पाटोत्सव और भजन संध्या में अधिक से अधिक संख्या में पधारकर बाबा का आशीर्वाद लें और धर्म लाभ कमाएं।

