गांव की आवाज न्यूज मावली (उदयपुर)। राज्य सरकार के निर्देशानुसार उपखण्ड क्षेत्र मावली की ग्राम पंचायतों में ‘ग्रामीण सेवा शिविर-2026’ अभियान का शानदार आगाज हो चुका है। इसी कड़ी में सोमवार (15 जून) को ग्राम पंचायत बांसलिया और भीमल में विशेष शिविरों का आयोजन किया गया। बांसलिया ग्राम पंचायत के शिविर में उस समय खुशी का माहौल देखने को मिला, जब पिछले तीन दशकों से अपने आशियाने के मालिकाना हक के लिए परेशान हो रहे ग्रामीणों को मौके पर ही पट्टे सौंपे गए।
सालों से काट रहे थे चक्कर, कैम्प में हुआ तुरंत समाधान
बांसलिया के होली ग्राम निवासी प्रकाश डांगी, मुकेश दास, गोटूलाल, दीपलाल डांगी, चतरलाल, रतनलाल, सुरेशचन्द्र, अर्जुन रेबारी, बाबुलाल और प्रेमलाल गाडरी ने बताया कि वे सभी पिछले कई वर्षों से आबादी भूमि पर मकान बनाकर रह रहे हैं। अपने इस आवास का पट्टा बनवाने के लिए वे पिछले 30 सालों से लगातार दफ्तरों के चक्कर काट रहे थे, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल रही थी।
सोमवार को आयोजित ‘ग्रामीण सेवा शिविर-2026’ इन ग्रामीणों के लिए वरदान साबित हुआ। पंचायतीराज विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर ही सभी के पट्टे तैयार किए गए और अधिकारियों द्वारा उन्हें हाथों-हाथ पट्टों का वितरण किया गया। पट्टा हाथ में आते ही ग्रामीणों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
फ्लैगशिप योजनाओं की दी जा रही है जानकारी
शिविर में उपखण्ड अधिकारी रमेश सीरवी पुनाड़िया, मावली तहसीलदार दिनेश कुमार यादव और विकास अधिकारी शैलेन्द्र पी. खींची सहित सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे सरकार की सभी फ्लैगशिप योजनाओं की जानकारी और लाभ आमजन तक अधिक से अधिक पहुंचाना सुनिश्चित करें ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे।
आगामी शिविरों का शेड्यूल
प्रशासन के अनुसार, ‘ग्रामीण सेवा शिविर-2026’ के तहत आगामी 16 जून 2026 को निम्नलिखित स्थानों पर शिविर आयोजित किए जाएंगे:
- ग्राम पंचायत चंगेड़ी
- ग्राम पंचायत बडगॉव
- नगरपालिका मावली / फतहनगर-सनवाड़
स्थानीय प्रशासन ने इन क्षेत्रों में रहने वाले सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।

