गांव की आवाज न्यूज मावली। श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना का जनाधार क्षेत्र में लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। इसी क्रम में खरवड़ों का गुड़ा स्थित चित्तौड़िया जी बावजी मंदिर परिसर में जिला अध्यक्ष अर्जुन सिंह चुंडावत के मुख्य आतिथ्य में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाजबंधुओं ने ढोल-नगाड़ों और जयघोष के साथ जिला अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया।
बैठक के दौरान घासा तहसील अध्यक्ष नारायण सिंह पंवार ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से तहसील कार्यकारिणी का विस्तार किया। इस दौरान विक्रम सिंह मंगथला को पंचायत अध्यक्ष, देवी सिंह मंगथला को पंचायत संरक्षक, अजय सिंह एवं अरविंद सिंह को तहसील उपाध्यक्ष तथा केसर सिंह को मीडिया प्रभारी सहित कई युवाओं को विभिन्न दायित्व सौंपे गए।
अपने संबोधन में जिला अध्यक्ष अर्जुन सिंह चुंडावत ने कहा कि श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना समाज के मान-सम्मान, स्वाभिमान और सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने युवाओं से संगठन के साथ जुड़कर राष्ट्रहित एवं समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में भैरू सिंह राणावत, गोकुल सिंह दुलावत, हरि सिंह सहित संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे। कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ और उत्साह ने संगठन की बढ़ती लोकप्रियता और ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत होती पकड़ का संदेश दिया।

