गांव की आवाज न्यूज मावली| जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में वांछित अपराधियों एवं चोरी की घटनाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत घासा थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने हाईवे कार्य के लिए रखी गई इंडियन ऑयल कंपनी की करीब 1 लाख रुपये मूल्य की 10 लोहे की जालियां (काउ कैचर) चोरी करने वाले गिरोह के 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 27 मार्च 2026 की रात को जावड़ स्थित वासक फिलिंग स्टेशन के पास हाईवे निर्माण कार्य हेतु रखी गई लोहे की जालियां अज्ञात चोरों द्वारा एक आईसर ट्रक में भरकर चोरी कर ली गई थी। मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना सुखवाल (खेरवाड़ा) एवं सहायक पुलिस अधीक्षक असीमा वासवानी (मावली) के सुपरविजन में थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी सहायता व मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने जिन 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया उनमें शामिल हैं—
नारायण लाल पुत्र लोगर लाल निवासी जूनावास (डबोक)
कमलेश पुत्र नाथू लाल निवासी वासनीमाफी (फतहनगर)
प्रहलाद पुत्र नाथू लाल निवासी वासनीमाफी (फतहनगर)
पुष्कर लाल पुत्र भगवती लाल निवासी घोड़ा घाटी (देलवाड़ा)
वेणीराम पुत्र मोहनलाल निवासी बोयणा (मावली)
चोरी का माल खरीदने वाला कबाड़ी मदनलाल पुत्र रंगलाल निवासी सीमेंट फैक्ट्री क्षेत्र (डबोक)
माल और वाहन बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सभी 10 लोहे की जालियां बरामद कर ली हैं। साथ ही वारदात में प्रयुक्त एक आईसर ट्रक और दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं।
थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी नशे के आदी हैं और दिन में रेकी कर रात के समय सुनसान स्थानों पर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य वारदातों को लेकर भी जांच की जा रही है।
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह के साथ एएसआई रामानंद, कांस्टेबल महेंद्र सिंह, माधव सिंह, विश्व राज सिंह, हिमांशु तथा चालक सुरेश कुमार की विशेष भूमिका रही।

