गांव की आवाज न्यूज घासा (दिनेश वैष्णव)। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कोटड़ी परिसर (घासा) में राष्ट्रीय सेवा योजना (प्लस 2) के अंतर्गत सात दिवसीय विशेष शिविर का उत्साहपूर्ण वातावरण में शुभारंभ किया गया। इस वर्ष शिविर की थीम ‘मेरा युवा भारत’ और ‘डिजिटल साक्षरता’ रखी गई है, जिसमें विद्यालय के 50 स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी गणेशराम प्रजापत उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता रूपलाल डांगी ने की। इस अवसर पर डॉ. भगवान सिंह ने शिविर के मार्गदर्शक के रूप में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर शिविर का विधिवत शुभारंभ किया।
मुख्य अतिथि प्रजापत ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में संस्कार, नेतृत्व क्षमता और समाज सेवा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। वहीं शिविर के मार्गदर्शक डॉ. भगवान सिंह ने स्वयंसेवकों को अनुशासन और निस्वार्थ सेवा का संदेश देते हुए कहा कि एक जागरूक युवा ही सशक्त राष्ट्र की नींव रख सकता है।
कार्यक्रम अधिकारी रमेश कुमार चौधरी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए आगामी सात दिनों की गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि आज के तकनीकी युग में डिजिटल साक्षरता का विशेष महत्व है। शिविर के दौरान स्वयंसेवक न केवल स्वयं तकनीकी रूप से जागरूक होंगे, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर आमजन को डिजिटल लेनदेन, साइबर सुरक्षा और सरकारी योजनाओं की ऑनलाइन जानकारी के प्रति भी जागरूक करेंगे।
सात दिवसीय शिविर के दौरान स्वयंसेवकों द्वारा विद्यालय व गांव में श्रमदान, स्वच्छता अभियान, जन-जागरूकता रैलियां और विभिन्न बौद्धिक सत्रों का आयोजन किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
घासा में ‘मेरा युवा भारत’ व ‘डिजिटल साक्षरता’ थीम पर सात दिवसीय एनएसएस शिविर का शुभारंभ

