घासा सहित ग्रामीण अंचल में हर्षोल्लास से मनाया रक्षाबंधन, बाजारों में रही भारी चहल-पहल
गांव की आवाज न्यूज़ मावली । भाई-बहन के पवित्र प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक रक्षाबंधन का पर्व घासा सहित आसपास के ग्रामीण अंचल में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों में त्योहार को लेकर खासा उत्साह नजर आया। बहनों ने पूजा की थाली सजाकर भाइयों के माथे पर तिलक लगाया और उनकी कलाई पर राखी बांधकर सुख-समृद्धि, दीर्घायु और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। भाइयों ने भी बहनों की रक्षा का संकल्प लेते हुए उन्हें उपहार भेंट किए।
रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों ने भाइयों का मुंह मीठा करवाया और श्रीफल भेंट किया। कई परिवारों में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ राखी का पर्व मनाया गया। इस दौरान घर-परिवार में खुशियों का माहौल बना रहा।
बाजारों में दिनभर रही रौनक
त्योहार को लेकर घासा सहित आसपास के बाजारों में सुबह से ही भारी चहल-पहल रही। राखी और मिठाई की दुकानों पर महिलाओं एवं युवतियों की भीड़ नजर आई। लोगों ने रंग-बिरंगी और फैंसी राखियों के साथ मिठाइयों की खरीदारी की। मिठाई की दुकानों पर घेवर सहित विभिन्न मिठाइयों की अच्छी बिक्री हुई। त्योहार के चलते बाजारों में व्यापारिक गतिविधियां भी तेज रहीं।
गांवों में भी दिखा उत्सव का माहौल
घासा के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी रक्षाबंधन का पर्व परंपरागत तरीके से मनाया गया। बहनों का अपने मायके आने-जाने का सिलसिला दिनभर जारी रहा। सड़कों और सार्वजनिक परिवहन साधनों में भी आवाजाही बढ़ी रही। पूरे ग्रामीण अंचल में भाई-बहन के स्नेह और खुशियों से जुड़ा उत्सवी माहौल देखने को मिला।

