गांव की आवाज न्यूज मावली। मावली उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत रख्यावल के राजस्व गांव विठौली में शनिवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां अज्ञात बदमाशों ने किसान के खेत में रखी गेहूं की कटी हुई फसल में आग लगा दी। इस आगजनी की घटना में करीब पौने तीन बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई, जिससे किसान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार किसान हेमराज डांगी पुत्र गंगाराम डांगी ने शनिवार शाम को गेहूं की कटाई कर खेत में पुलियां (गठरियां) बनाकर एकत्रित की थीं। रात करीब 12 बजे अचानक खेत में रखी फसल से लपटें उठने लगीं।
पास के खेतों में थ्रेसर से गेहूं निकाल रहे किसानों ने आग की लपटें देखीं और तुरंत ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना मिलते ही खेत मालिक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कुओं की मोटरों की सहायता से पानी चलाकर आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक लगभग 30 से 35 बोरी गेहूं जलकर नष्ट हो चुका था।
ग्रामीणों ने बताया कि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास के खेतों में रखी अन्य फसलें भी चपेट में आ सकती थीं।
घटना की सूचना पर घासा थाना पुलिस ने रात में ही मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। पीड़ित किसान हेमराज डांगी ने बताया कि खेत के आसपास कोई बिजली लाइन नहीं है, जिससे शॉर्ट सर्किट की संभावना नहीं है। उन्होंने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
विठौली में अज्ञात बदमाशों ने गेहूं की फसल फूंकी, किसान को भारी नुकसान

