गांव की आवाज न्यूज मावली । राज्य सरकार द्वारा बजट घोषणाओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन हेतु जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को सघन निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री बजट घोषणा 2024-25 के अंतर्गत स्वीकृत उदयसागर बांध की बांयी मुख्य नहर की चेन संख्या 480 से बागोलिया फीडर निर्माण कार्य का दिनांक 03 अप्रैल 2026 को जल संसाधन संभाग बांसवाड़ा केअभियंता देवी सिंह बेनीवाल ने निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता ने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं समय-सीमा के अनुसार क्रियान्वयन की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों और कार्यकारी एजेंसी से जानकारी लेकर आवश्यक तकनीकी व प्रशासनिक निर्देश दिए। उन्होंने गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने, निर्माण सामग्री की नियमित जांच तथा कार्य को निर्धारित अवधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मुख्य अभियंता ने बताया कि मावली क्षेत्र वर्षा एवं पेयजल की दृष्टि से डार्क जोन में आता है। क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग रही है कि बागोलिया बांध को उदयसागर बांध से फीडर द्वारा भरा जाए, जिससे सिंचाई एवं पेयजल की सुविधा बेहतर हो सके। फीडर निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में जल उपलब्धता बढ़ेगी और किसानों को लाभ मिलेगा।
इस परियोजना के तहत उदयसागर बांध की बांयी मुख्य नहर की चेन संख्या 480 से लगभग 30 किलोमीटर लंबा बागोलिया फीडर बनाया जा रहा है, जिसकी क्षमता 138 क्यूसेक है। इसके माध्यम से वर्षा ऋतु के लगभग 180 एमसीएफटी अधिशेष जल का अपवर्तन कर 17 गांवों के 3676 हेक्टेयर भूमि क्षेत्र को सिंचाई हेतु जल उपलब्ध कराया जा सकेगा।
निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता ने कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों की पालना, श्रमिकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। साथ ही उन्होंने जल संसाधन खंड उदयपुर के अंतर्गत चल रहे अन्य निर्माण कार्यों की भी समीक्षा कर समयबद्ध पूर्णता के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्री वीरेन्द्र सिंह सागर, अधीक्षण अभियंता मनोज जैन, अधिशाषी अभियंता श्री मोहित पाटीदार, सहायक अभियंता राजेश कुमार, कनिष्ठ अभियंता अजय सिंह गुर्जर सहित कार्यकारी एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बागोलिया फीडर निर्माण कार्य का मुख्य अभियंता ने किया निरीक्षण

