अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पूर्व मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित योग सत्र में दिया स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवन का संदेश
जयपुर, 20 जून। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को मुख्यमंत्री निवास पर राजस्थान पुलिस की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट तथा राजस्थान पुलिस अकादमी की प्रशिक्षु बहनों के साथ योगाभ्यास किया। इस दौरान उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रदेशवासियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सतत प्रयासों से योग आज वैश्विक जनआंदोलन का स्वरूप ले चुका है। भारत की यह अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर विश्वभर में स्वास्थ्य, संतुलन और मानव कल्याण का संदेश दे रही है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें। नियमित योग न केवल स्वस्थ शरीर और शांत मन प्रदान करता है, बल्कि सकारात्मक, ऊर्जावान और संतुलित जीवन की आधारशिला भी रखता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग को अपनाकर हम स्वस्थ, सशक्त और विकसित राजस्थान के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का आह्वान किया।


