गांव की आवाज न्यूज मावली। पंचायत समिति मुख्यालय घासा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने बिजली, पानी, सड़क, राजस्व एवं अन्य विभागों से संबंधित समस्याएं और आवेदन प्रस्तुत किए। मावली उपखंड अधिकारी रमेश सीरवी ने शिविर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा मौके पर ही ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। ग्राम पंचायत की ओर से 8 ग्रामीणों को पट्टों का वितरण किया गया तथा 6 शौचालयों की स्वीकृति जारी की गई। वहीं 1 विवाह पंजीयन, 4 जन्म प्रमाण पत्र और 3 मृत्यु प्रमाण पत्र बनाकर लाभार्थियों को सौंपे गए।
कृषि विभाग द्वारा 26 किसानों को पाइपलाइन, तारबंदी, कृषि यंत्र एवं बैल प्रोत्साहन राशि के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से 26 महिलाओं को पोषण एवं आवश्यक किट प्रदान की गई। परिवहन विभाग ने 3 दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिकों को रोडवेज पास जारी किए।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत मागंथला में भी ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किया गया, जहां ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। संबंधित विभागों ने प्राप्त प्रकरणों को आवश्यक कार्रवाई के लिए स्वीकार किया।
शिविर में पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष गणेशलाल प्रजापत, घासा कांग्रेस मंडल अध्यक्ष रूपलाल डांगी, घासा सरपंच मांगीलाल मेघवाल, उपसरपंच प्रकाश डांगी, वार्ड पंच समरथलाल जैन, पप्पूलाल डांगी, रोहितदास, मागंथला सरपंच युधिष्ठिर पुरोहित, तहसीलदार राधेश्याम जोशी, ग्राम विकास अधिकारी पुरुषोत्तम एवं पर्वत सिंह, सहायक विकास अधिकारी सुखलाल डांगी, आरआई गणेशलाल सुथार, पटवारी घमंडीलाल मीणा, सीएचसी प्रभारी डॉ. कृतिका सालवी, पीईईओ तरन्नुम पठान, एलडीसी ओमप्रकाश तथा रतनलाल डांगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

