गांव की आवाज न्यूज मावली I उदयपुर जिले की ग्राम पंचायत मांगथला स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षा के क्षेत्र में जनसहयोग की एक प्रेरणादायक मिसाल देखने को मिल रही है। विद्यालय में भामाशाहों के सहयोग से लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिससे विद्यालय का भौतिक ढांचा मजबूत हो रहा है।
प्रधानाचार्य शिखा अग्रवाल की प्रेरणा से विद्यालय परिसर में नए निर्माण कार्यों की शुरुआत हुई। इसी क्रम में सुरेश जोशी एवं भगवतीलाल जोशी द्वारा एक नवीन कक्षा-कक्ष तथा भोजनशाला का विधि-विधान से शिलान्यास किया गया। यह निर्माण कार्य विद्यालय की बैठक क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ मिड-डे मील व्यवस्था को भी सुदृढ़ करेगा।
विद्यालय में अन्य विकास कार्य भी तेजी से प्रगति पर हैं। भामाशाह चुन्नीलाल जोशी के सहयोग से दो अतिरिक्त कक्षा-कक्षों का निर्माण कार्य जारी है। पूर्व में भूरालाल डांगी द्वारा विद्यालय को ट्यूबवेल मय मोटर भेंट की गई थी, जिससे जल सुविधा में सुधार हुआ। वहीं, आज रामचंद्र लोहार (अध्यापक) के सौजन्य से विद्यार्थियों के लिए पानी की टंकी के निर्माण कार्य का शुभारंभ भी किया गया।
इसके अलावा मांगीलाल सुथार ने विद्यालय के मुख्य द्वार के निर्माण की घोषणा की है, जबकि शारीरिक शिक्षक सुरेंद्र सिंह झाला द्वारा सरस्वती मंदिर निर्माण का संकल्प लिया गया है।
कार्यक्रम के दौरान व्याख्याता मोहन देवड़ा ने सभी भामाशाहों का आभार व्यक्त करते हुए उनके योगदान की सराहना की। जानकारी कनिष्ठ सहायक लक्ष्मीलाल द्वारा दी गई।
विद्यालय में नए कक्षा-कक्ष व भोजनशाला का शिलान्यास, भामाशाहों के सहयोग से विकास कार्य तेज

