गांव की आवाज न्यूज मावली । गुरुपूर्णिमा के पावन अवसर पर मावली के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, भारोड़ी (वारणी) में शिक्षकों ने समाज के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। विद्यालय परिवार के समस्त शिक्षकों ने सामूहिक सहयोग से लगभग 1 लाख 16 हजार रुपये की लागत की विभिन्न आवश्यक सामग्री विद्यालय को भेंट कर विद्यार्थियों के हित एवं विद्यालय के संसाधनों को सुदृढ़ करने की अनूठी पहल की।
विद्यालय को भेंट की गई सामग्री में प्रधानाध्यापक टेबल-चेयर, छह विजिटिंग चेयर, कंप्यूटर टेबल, लैपटॉप, मल्टी-फंक्शनल प्रिंटर, साउंड सिस्टम तथा पोषाहार के लिए बाटी बनाने का कुकर शामिल हैं। इन संसाधनों से विद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं के साथ-साथ विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं में भी उल्लेखनीय सुधार होगा।
संस्थाप्रधान रामसिंह ने बताया कि गुरुपूर्णिमा के अवसर पर शिक्षकों द्वारा किया गया यह सामूहिक योगदान विद्यालय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, उत्तरदायित्व और सेवा-भाव को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रेरणादायी प्रयास गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

