गांव की आवाज मावली। घासा क्षेत्र की ग्राम पंचायत रख्यावल के खाम की मादड़ी में आयोजित दो दिवसीय 51 फीट धर्म ध्वजारोहण महोत्सव गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। महोत्सव में आसपास के गांवों और क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे तथा धर्ममय वातावरण में भक्ति का रंग बिखरा।
यह भव्य धार्मिक आयोजन घासा राज राजेश्वरी मठाधीश संत खेमपुरी महाराज के पावन सानिध्य में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत बुधवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें संत खेमपुरी महाराज ने भजनों की मधुर धुनों के बीच श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान किया। शोभायात्रा में ग्रामीणों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बुधवार रात्रि को आयोजित भव्य सत्संग में संतों के प्रवचनों और भजनों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। गुरुवार प्रातः संत खेमपुरी महाराज द्वारा 51 धूणा तपस्या एवं विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करवाया गया। इसके बाद दोपहर 12:15 बजे अभिजीत मुहूर्त में 51 फीट ऊंची धर्म ध्वजा का विधिवत रोहण किया गया। धर्म ध्वजा लहराते ही पूरा परिसर ‘जय श्री राम’ और ‘हर हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा।

संतों का रहा समागम
महोत्सव में मेवाड़ मंडल के आचार्य चेतनानन्द गिरी, जुनावास मठ के महंत शंकरपुरी, बेरण अखाड़ा के प्रेमपुरी महाराज एवं गोपालपुरी छड़ीदार सहित अनेक संत-महात्मा उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने संतों के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं, मातृशक्ति और स्थानीय ग्रामीणों ने व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महोत्सव के समापन पर विशाल महाप्रसाद का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

