मावली में ज्वेलरी की दो दुकानों में लाखों की चोरी, विरोध में बाजार बंद, व्यापारी धरने पर बैठे
गांव की आवाज न्यूज मावली। उदयपुर जिले के मावली कस्बे के सदर बाजार स्थित दो ज्वेलरी दुकानों में बीती रात हुई लाखों रुपये की चोरी के विरोध में शुक्रवार को व्यापारियों ने बाजार बंद रखकर मुख्य चौराहे पर धरना दिया। व्यापार मंडल ने पुलिस से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गए माल की बरामदगी की मांग की।
जानकारी के अनुसार पंचायत समिति के समीप स्थित राजवीर सोनी और धर्मेंद्र सोनी की ज्वेलरी दुकानों में चोर पीछे की दीवार तोड़कर अंदर घुसे। चोर राजवीर सोनी की दुकान से करीब 8.50 लाख रुपये नकद, 25 ग्राम सोना और 10 किलो चांदी, जबकि धर्मेंद्र सोनी की दुकान से 3 ग्राम सोना और 5 किलो चांदी चोरी कर ले गए।
शुक्रवार सुबह दुकान खोलने पर घटना का पता चला। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर पहुंचे और पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताते हुए मुख्य चौराहे पर टेंट लगाकर धरने पर बैठ गए। विरोध स्वरूप पूरे बाजार की दुकानें भी बंद रहीं।
मौके पर पहुंचे थानाधिकारी अशोक विश्नोई ने व्यापारियों से वार्ता कर बताया कि फिंगरप्रिंट, मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है तथा जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। इसके बावजूद व्यापारी धरने पर डटे रहे।
घटना की जांच के लिए उदयपुर से फोरेंसिक टीम भी बुलाई गई, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य और फिंगरप्रिंट जुटाए। बाद में पुलिस उपाधीक्षक चांदमल सिंगारिया, विधायक पुष्करलाल डांगी, भाजपा विधानसभा प्रत्याशी कृष्ण गोपाल पालीवाल तथा कुलदीप सिंह चुंडावत भी धरना स्थल पहुंचे और व्यापारियों से चर्चा की।
शाम को व्यापारियों और पुलिस के बीच हुई वार्ता में पुलिस ने सात दिन के भीतर चोरी का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी एवं बरामदगी का आश्वासन दिया। इसके बाद व्यापारियों ने धरना स्थगित कर दिया। साथ ही निर्णय लिया गया कि व्यापारियों की एक समिति प्रतिदिन पुलिस से जांच की प्रगति की जानकारी लेगी।
बैठक में बाजार के साथ-साथ संकरी गलियों में बाइक गश्त बढ़ाने, पहले से लगे सीसीटीवी कैमरों को पुनः चालू कराने तथा मुख्य चौराहे पर पुलिस चौकी स्थापित कर स्थायी पुलिसकर्मी तैनात करने की मांग भी उठाई गई। इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष निर्मल लोढ़ा, पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र गोखरू, ओमप्रकाश चेचानी, महेंद्र बोकड़िया सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
पहले भी हो चुकी थी चोरी
व्यापारियों ने बताया कि करीब तीन वर्ष पूर्व भी इसी दुकान में इसी तरह सेंधमारी कर लाखों रुपये के जेवरात चोरी हुए थे, जिसका आज तक खुलासा नहीं हो सका। व्यापारियों का कहना है कि दोबारा उसी तरीके से चोरी होना पुराने गिरोह की संलिप्तता की ओर इशारा करता है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष निर्मल लोढ़ा ने कहा, “थानाधिकारी ने सात दिन में चोरी का खुलासा करने का आश्वासन दिया है। यदि तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो आठवें दिन से बाजार को अनिश्चितकाल के लिए पुनः बंद कर आंदोलन शुरू किया जाएगा।”
यह भी पढ़े…..

